
पोकरण. शहर स्थित विधायक जन संपर्क कार्यालय में रविवार को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष में सम्मान अभियान विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ जिसमें चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने बाबा साहेब के चित्र के सम्मुख द्वीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मेघवाल ने कहा कि अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने डॉ. आंबेडकर के कार्यों और संघर्ष के बारे में विस्तार से जानकारी देकर एकजुट रहकर देश हित में कार्य करने की अपील की। संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. आंबेडकर का जीवन हम सभी के लिए सतत प्रेरणा-पुंज है। उनका सम्पूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता एवं मानव बंधुत्व जैसे उच्च आदर्शों की प्रतिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। विधायक ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अभाव व अपमान में भी रास्ता बनाया। सामाजिक बंधनों को तोड़ते हुए पूरे देश को सम्मान दिलाया। बाबा साहब के कारण ही बिना भेदभाव हर व्यक्ति को समान मताधिकार के उपयोग की स्वतंत्रता प्राप्त हुई। यूरोप के तमाम देशों में अश्वेतों व महिलाओं को वोट देने का अधिकार बहुत बाद में दिया। लेकिन भारत ने संविधान निर्माण के साथ ही 1952 के पहले आम चुनाव में ही एससी/एसटी, अतिपिछड़ी व महिलाओं को मत देने का अधिकार दे दिया था।
भाजपा की ओर से आयोजित गोष्ठी में भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा ने कहा कि बाबा साहब ने मेहनत के साथ संविधान तैयार कराया, लेकिन कांग्रेस उन्हें संविधान सभा में जाने नहीं देना चाहती थी। उन्हें ड्राफ्टिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया। पं. नेहरू नहीं चाहते थे कि उन्हें यह पद मिले। इसके लिए काफी षडयंत्र भी किया गया। कांग्रेस ने 1952 में बाबा साहब को चुनाव नहीं जीतने दिया। उन्हें हराने वाले को पद्म पुरस्कार दिया। जब हिंदू महासभा के एक सदस्य ने पुणे की सीट छोड़ी, तब बाबा साहब संसद में गए। पूर्व जिला अध्यक्ष जुगल किशोर व्यास ने कहा कि बाबा साहब ने जो 65 वर्ष में किया, वह लोग सैकड़ों वर्ष में नहीं कर पाए। बाबा साहब के नाम पर लोकलुभावन नारे-भाषण देने वाले अनेक आएंगे, लेकिन उनके मूल्यों-आदर्शों को आत्मसात कर आगे बढ़ाने का कार्य भाजपा कर रही है। संयोजक प्रेम ओड ने आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र माली ने किया।
यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष भरत चारण, महेश चारण, पूर्व सरपंच कोजाराम मेघवाल, विधायक के निजी सहायक गुलाब सिंह राठौड़, विधानसभा संयोजक संतोष पालीवाल, गंगाराम जयपाल, खेताराम ओढानीया, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष चनणाराम कुमावत, रमेश, गोपाराम, तेजाराम, उदाराम, पूनमसिंह सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Discover more from 24 News Rajasthan
Subscribe to get the latest posts sent to your email.