
पोकरण। महेश नवमी के पावन अवसर पर मंगलवार को पोकरण शहर में माहेश्वरी समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुबह माहेश्वरी कटले में भगवान महादेव का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई। समाज के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान आज के दिन पूर्ण रूप से बंद रहे और महिलाओं, पुरुषों व बच्चों ने धार्मिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा में दिखा अद्भुत उत्साह
शहर की सड़कों पर निकली इस शोभायात्रा में माहेश्वरी समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ डीजे की धुनो ने माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। शोभायात्रा में भगवान शिव, माता पार्वती एवं लोकदेवता बाबा रामदेव की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
विशेष आकर्षण बनी सेठ की झांकी व घुड़सवारी
दुकान में कार्य करते एक सेठ की झांकी विशेष आकर्षण का केन्द्र रही। इसके अलावा घोड़ों पर सवार समाज के युवा व युवतियों की पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुति ने लोगों को आकर्षित किया। शोभायात्रा में शामिल युवक-युवतियां ढोल की थाप पर नाचते गाते चल रहे थे, जबकि महिलाएं भजन गाते हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं।
यात्रा का मार्ग और समापन
शोभायात्रा माहेश्वरी न्याति नोहरे से प्रारंभ होकर गांधी चौक, फोर्ट रोड, सुभाष चौक, जयनारायण व्यास सर्किल, जोधपुर रोड, अस्पताल रोड, एको की प्रोल, गुराणियों की गली होते हुए पुनः गांधी चौक पहुंची और वहीं से वापस माहेश्वरी न्याति नोहरे में पहुंचकर समापन किया गया। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया।
धार्मिकता और एकता का संदेश
महेश नवमी पर निकली इस शोभायात्रा ने शहरवासियों को धार्मिकता, एकता और समाजिक समरसता का संदेश दिया। समाज के वरिष्ठजनों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
Discover more from 24 News Rajasthan
Subscribe to get the latest posts sent to your email.